प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर केंद्रीय कानून मंत्री से मिला भाजपा का प्रतिनिधिमंडल
बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराधिक ग्राफ पर विराम लगाने के लिए मिला प्रतिनिधिमंडल

गरीब दर्शन/पटना - देश की राजधानी दिल्ली में विधि एवं न्याय मंत्रालय के कार्यालय में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी एवं प्रदेश के सह कोषाध्यक्ष आशुतोष शंकर सिंह ने सूबे में बढ़ रहे आपराधिक ग्राफ पर विराम लगाने हेतु शिष्टाचार भेंट की है। भेंट के दरम्यान प्रदेश अध्यक्ष श्री चौधरी ने बिहार में व्याप्त कानून व्यवस्था के बदलते हुए हालात से मंत्री को रूबरू कराया। वहीं बिहार के बिगड़ते कानून- व्यवस्था की भी चर्चा की।उन्होंने बिहार में आए दिन हो लूट, डकैती, अपहरण एवं बलात्कार के संबंध में मंत्री से जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि बिहार में चाचा- भतीजा की सरकार आने के बाद से लगातार अपराध का ग्राफ बड़ी तेजी से बढ़ रहा है। इसको रोकने में प्रदेश की सरकार विफल है। भाजपा के प्रदेश सह कोषाध्यक्ष आशुतोष शंकर सिंह ने कहा कि बिहार में कानून -व्यवस्था पूरी तरह लचर हो चुकी है। हर तरफ अराजकता का माहौल व्याप्त है। बिहार जल रहा है और चाचा- भतीजा की सरकार बंशी बजाने में मशगुल हैं।सर्वत्र त्राहिमाम मचा हुआ है।बेखौफ कहीं पर भी लूटपाट की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। बिहार में अपराधियों का साम्राज्य स्थापित हो चुका है।प्रतिदिन बिहार के किसी भी जिले में गोलीबारी की घटनाएं सामान्य- सी हो गई है। इस पर श्री मेघवाल ने शिष्टाचार भेंट में शामिल लोगों को हर संभव मदद करने का भरोसा दिया है।